The Top Ten News
The Best News Portal of India

बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों में आयकर का तलाशी अभियान जारी

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

आयकर विभाग (आईटी) अधिकारी ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दफ्तर पर तलाशी ले रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केजी मार्ग स्थित एचटी हाउस बिल्डिंग दिल्ली में बीबीसी के दफ्तर पर मंगलवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे से आयकर विभाग (आईटी) के अधिकारियों ने सर्च अभियान चलाया।

आईटी अधिकारी बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर पर तलाशी ले रहे हैं। अधिकारी मंगलवार सुबह बीबीसी दफ्तर पहुंचे और कर्मचारियों के फोन बंद करवा दिए।

कर चोरी के मामले में तलाशी

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आईटी अधिकारी कर चोरी की जांच के सिलसिले में तलाशी ले रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि कंपनी के बिजनेस ऑपरेशन्स से जुड़े कागजातों की जांच की जा रही है।

बीबीसी के ठिकानों पर आयकर विभाग के सर्वे वित्तीय अनियमितता के आरोप में हुआ है। करीब 20-22 ठिकानों पर यह सर्वे हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 15-20 सदस्यों वाली आयकर विभाग की टीमें बीबीसी के दफ्तर पहुंची और सर्वे शुरू कर दिया। दफ्तर में अंदर आने और बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं बीबीसी पर आईटी के सर्वे की खबर के बाद कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘पहले उन्होंने बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाया और अब आयकर विभाग ने बीबीसी पर छापा मारा है। यह अघोषित तौर पर आपातकाल है’।

बीबीसी की विवादित डॉक्युमेंट्री पर प्रतिबंध

बता दें कि बीबीसी हाल ही में अपनी विवादित डॉक्युमेंट्री को लेकर चर्चा में रहा था। ये डॉक्युमेंट्री 2002 गुजरात दंगों पर बनाई गई थी। केंद्र सरकार द्वारा इस डॉक्युमेंट्री की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। देश की कई यूनिवर्सिटियों में इसकी स्क्रीनिंग के लिए बवाल भी हुआ था।

बीबीसी की प्रतिक्रिया

उधर, आईटी की कार्रवाई पर बीबीसी ने प्रतिक्रिया दी है। बीबीसी ने कहा कि वह भारत के आयकर अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। बीबीसी ने ट्वीट कर कहा कि हमें उम्मीद है कि स्थिति का जल्द समाधान हो जाएगा।

Comments are closed.

Verified by MonsterInsights