दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनबसा थाने में तैनात महिला उप निरीक्षक विजयलक्ष्मी की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दरोगा विजयलक्ष्मी दोपहर को जब थाना बनबसा से बाहर निकल अपने घर जाने को गाड़ी में बैठ रही थी तभी पीछे से आते तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना होते ही साथी पुलिस कर्मी महिला दरोगा को लेकर टनकपुर उप जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुछ साथी पुलिस कर्मियों ने मौके पर ही कैंटर चालक पप्पू राम पुत्र जयराम निवासी गुमदेश लोहाघाट को गिरफ्तार कर लिया।
महिला दरोगा विजय लक्ष्मी 1983 में कांस्टेबल पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। वह विभिन्न जनपदों में सेवाएं देने के बाद 2019 में बनबसा थाने में विशेष श्रेणी महिला दरोगा के पद पर पदोन्नत हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपनिरीक्षक विजय लक्ष्मी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
वहीं दरोगा विजयलक्ष्मी की मौत के बाद बनबसा थाने में शोक का माहौल है।
Comments are closed.