बनभूलपुरा हिंसा की घटना से प्रकाश की हत्या का कोई संबंध नहीं, पुलिस ने किया हत्या का खुलासा

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

हल्द्वानी : नौ फरवरी को आंवला गेट गौला बाईपास मुख्य सड़क पर मृत अवस्था में मिले प्रकाश सिंह का संबंध बनभूलपुरा हिंसा की घटना से नहीं है। कांस्टेबल की पत्नी के साथ अवैध संबंधों के चलते प्रकाश की हत्या हुई।

हल्द्वानी के थाना बनभूलपुरा क्षेत्रांतर्गत 9 फरवरी को इन्द्रानगर रेलवे फाटक से आगे ऑवला गेट गौला बाईपास मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त प्रकाश कुमार सिंह उर्फ अविराज पुत्र श्याम देव सिंह निवासी छिने गाँव भोजपुर सिन्हा, बिहार उम्र 25 वर्ष के रूप में हुयी।

प्रथमदृष्टया पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए थाना बनभूलपुरा में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 302 भादवि में केस दर्ज कर लिया।
वहीं पुलिस को जांच में पता चला कि प्रकाश का सम्पर्क सितारगंज के किसी युवक से था तथा उत्तराखण्ड के अन्य नम्बर से भी वह बात किया करता था।
और वह 8 फरवरी को हल्द्वानी पहुँचा था।

पुलिस ने छानबीन करते हुए युवक के सम्पर्क में आये व्यक्तियों से पूछताछ की तो पता चला कि मृतक की लगभग दो ढाई साल से सूरज के साथ दोस्ती थी और वह सूरज के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान प्रकाश कुमार सिंह के सूरज की बहन और आरक्षी की पत्नी प्रियंका के साथ अवैध संबंध बन गये। सूरज, प्रियंका के साथ अवैध शारीरिक सम्बन्ध की वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करने लगा। प्रियंका ने यह बात अपने पति बीरेन्द्र से छुपा कर रखी, लेकिन 7 फरवरी को सूरज ने बीरेन्द्र को फोन किया। इसके बाद प्रियंका ने पूरी बात अपने पति को बता दी। तब बीरेन्द्र ने अपनी पत्नी प्रियंका एवं दोस्त नईम खान उर्फ बबलू के साथ मिलकर प्रकाश कुमार सिंह की हत्या करने की साजिश रची।

आरक्षी बीरेन्द्र ने अपनी पत्नी के माध्यम से सूरज को हल्द्वानी बुलवाया। बीरेन्द्र ने प्रकाश कुमार से अपने मोबाईल से प्रियंका की वीडियो हटाने को कहा, लेकिन प्रकाश कुमार द्वारा मना करने पर आरक्षी बीरेन्द्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर 8 फरवरी की शाम को प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी।
आज पूछताछ में बीरेन्द्र व उसके साथियों द्वारा जुर्म इकबाल के आधार पर धारा 302 भादवि में गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त बीरेन्द्र की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल मय जिन्दा 04 कारतूस बरामदगी की गयी।

अभियुक्तगण
1-कांस्टेबल बीरेन्द्र सिंह पुत्र स्व० रघुनाथ सिंह निवासी ग्राम आलावृद्धि पोस्ट- नागवा नाथ, थाना खटीमा, ऊधमसिंह नगर

2- सूरज बाईन पुत्र पवित्र बाईन निवासी शक्तिफार्म नं0-1, बैकुण्ठ नगर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर

3- प्रेम सिंह पुत्र स्व० रविशंकर सिंह निवासी ढौराडाम, थाना किच्छा, ऊधमसिंह नगर।

4- नईम खान उर्फ बबलू पुत्र स्व० नसीम खान निवासी इन्द्रानगर पश्चिमी वार्ड नं014 उजाला नगर, थाना बनभूलपुरा, नैनीताल।

5- प्रियंका पत्नी बीरेन्द्र (फरार)

Verified by MonsterInsights