भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री संग विधानसभा अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

ग्रीष्मकालीन राजधानी के विकास को किया कई योजनाओं का शिलान्यास

दी टॉप टेन न्यूज़ भराड़ीसैंण

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसेंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आज मुख्यमंत्री  त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं विधानसभा अध्यक्ष  प्रेमचंद अग्रवाल ने 74 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष  प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री  का सम्मान किया गया।इस दौरान विधानसभा भवन भराड़ीसैंण में स्थापित कोविड केयर सेंटर में कार्यरत मेडिकल, पैरामेडिकल, पुलिस टीम एवं अन्य स्टाफ को कोरोना  वॉरियर्स  के रूप में सीएम एवं स्पीकर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पौधारोपण भी किया गया साथ ही मुख्यमंत्री के द्वारा गैरसेंण को विकसित करने के लिए कई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भराड़ीसैंण में आज उत्सव का माहौल है।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हमने उत्तराखंड राज्य बनाने का संकल्प लिया था उसी प्रकार से राज्य  के विकास में अपना योगदान करने का भी हमें प्रण लेना होगा।  विधानसभा अध्यक्ष ने  गैरसेंण के विकास के लिए कई घोषणाओं पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधानसभा के उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, स्थानीय विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी सहित कई अधिकारी कर्मचारी गण मौजूद थे।