गैरसैंण विधानसभा घेराव के लिए 27 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता: राजेंद्र सिंह भंडारी

 दी टॉप टेन न्यूज़

जनहित के मुद्दों, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और प्रदेश के अधिकारों को लेकर कांग्रेस करेगी आवाज बुलंद

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आगामी 27 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे गैरसैंण में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विधानसभा घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी जिला, महानगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में गैरसैंण पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।भंडारी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश की जनता अनेक समस्याओं का सामना कर रही है। बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों, महिलाओं के खिलाफ अपराध, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों तथा पलायन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाना , पलायन, अग्निवीर योजना को समाप्त करना कांग्रेस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही लोकतंत्र की रक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता तथा वोट चोरी से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के जल, जंगल और जमीन की रक्षा, भूमाफियाओं के कथित अवैध कब्जों पर रोक, अवैध खनन पर अंकुश, भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, सरकारी विद्यालयों की स्थिति सुधारने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रभावी कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की जनता पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित को सर्वोपरि रखने वाली सरकार चाहती है। कांग्रेस पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और विधानसभा घेराव के माध्यम से सरकार का ध्यान प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं की ओर आकर्षित करेगी।
भंडारी ने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर इस संघर्ष में भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि 27 अक्टूबर को गैरसैंण में होने वाला विधानसभा घेराव प्रदेश की जनता के अधिकारों, युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा, लोकतंत्र की रक्षा और उत्तराखंड के हितों की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर अपने साथियों सहित पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।